Betul Road Accident : मध्यप्रदेश के बैतूल और खंडवा जिलों में हुए दो अलग-अलग हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। दोनों घटनाओं ने इलाके में शोक और चिंता का माहौल बना दिया है।
बैतूल में भीषण सड़क हादसा, दो युवकों की मौत
बैतूल के सारणी स्टेट हाईवे पर गुरुवार रात करीब 11:15 बजे एक बोलेरो जीप अनियंत्रित होकर गौठाना इलाके में मन मंदिर लॉन की दीवार से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
इस दुर्घटना में अर्जुन नगर निवासी प्रफुल्ल अनिल ठोके (25) और पुनीत ठाकरे (25) की मौत हो गई। वहीं पप्पू प्रजापति (23), राजू यादव (26), अभिषेक वडिवा (26) और 14 वर्षीय संगम राठौर घायल हो गए। इनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय हल्की बारिश हो रही थी। तेज टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बोलेरो (एमपी 48 टी 1317) को दीवार से टकराया हुआ पाया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को बाहर निकाला और 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त वाहन जिला जनसंपर्क कार्यालय में अनुबंधित था और मेंटेनेंस के लिए ले जाया जा रहा था। हालांकि, विभाग ने स्पष्ट किया कि मृतक और घायल युवक कार्यालय से जुड़े नहीं थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
⚫ खंडवा में जर्जर बिल्डिंग गिरी, कर्मचारी की मौत
वहीं खंडवा के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत तीन पुलिया इलाके में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया। मीटर गेज के पुराने और जर्जर रेलवे कार्यालय से लोहा निकालने के दौरान अचानक भवन का हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा।
इस हादसे में मलबे की चपेट में आने से एक कर्मचारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दोनों ही घटनाओं में पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रशासन द्वारा हादसों के कारणों का पता लगाया जा रहा है।






