Betul Rain Impact : पहली ही बारिश में फेल हुआ परमंडल अंडरब्रिज, 4 फीट तक भरा पानी

On: April 5, 2026 11:11 AM
Follow Us:

Betul Rain Impact : मुलताई (बैतूल)। क्षेत्र के ग्राम परमंडल में रेलवे विभाग द्वारा बनाया गया नया अंडरब्रिज पहली ही बारिश में फेल हो गया। शनिवार को करीब दो घंटे तक हुई तेज बारिश के बाद अंडरब्रिज में 3 से 4 फीट तक पानी भर गया, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।

बारिश में बना ‘तालाब’, राहगीर परेशान
बारिश के बाद अंडरब्रिज की स्थिति तालाब जैसी हो गई। दोपहिया और चारपहिया वाहन तो दूर, पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया। अचानक हुए जलभराव से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

ड्रेनेज व्यवस्था पर उठे सवाल
ग्रामीणों का आरोप है कि अंडरब्रिज निर्माण के दौरान पानी निकासी की उचित व्यवस्था नहीं की गई। यही कारण है कि पहली ही बारिश में अंडरब्रिज पूरी तरह पानी से भर गया और निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए।

अधूरे निर्माण के बावजूद शुरू कराया आवागमन
स्थानीय ग्रामीण कमलेश और जगदीश ने बताया कि अंडरब्रिज का काम अभी पूरा भी नहीं हुआ है, इसके बावजूद रेलवे विभाग ने रेलवे गेट बंद कर इसी मार्ग से आवागमन शुरू करा दिया। ग्रामीणों ने पहले भी इसका विरोध किया था और मांग की थी कि पूर्ण निर्माण के बाद ही इसे चालू किया जाए, लेकिन उनकी मांग अनसुनी कर दी गई।

पहले भी हो चुका है विरोध प्रदर्शन
इस मुद्दे को लेकर ग्रामीणों ने रेलवे गेट पर प्रदर्शन भी किया था। बावजूद इसके विभाग ने अंडरब्रिज से ही आवाजाही जारी रखी। अब जलभराव की स्थिति ने लोगों की चिंताएं और बढ़ा दी हैं।

हादसे की आशंका, सुधार की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह पानी भरने से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने प्रशासन से जल्द पानी निकासी की समुचित व्यवस्था करने और निर्माण कार्य को जल्द पूरा करने की मांग की है।

पहली ही बारिश में अंडरब्रिज की पोल खुलने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस समस्या का समाधान कब तक करता है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment