Betul Political News : बैतूल जिले के चिचोली में ब्लॉक कांग्रेस शहर अध्यक्ष विजय आर्य के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल-डीजल और एलपीजी गैस की बढ़ती कीमतों के विरोध में प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन तहसीलदार को सौंपकर महंगाई पर नियंत्रण की मांग की।
ज्ञापन में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की लगातार बढ़ती कीमतों ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। महंगाई के कारण गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार से जल्द राहत देने की मांग की।
अधूरी सड़क का मुद्दा भी उठाया
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने चिचोली से भीमपुर तक बन रही सड़क के अधूरे निर्माण का मुद्दा भी जोर-शोर से उठाया। उनका कहना था कि लोक निर्माण विभाग द्वारा शुरू किया गया यह कार्य पिछले करीब दो वर्षों से अधूरा पड़ा है। लगभग 10 किलोमीटर तक खुदाई के बाद काम बंद कर दिया गया है।
अधूरी सड़क के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है और दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन में सुभाष आर्य (ग्रामीण अध्यक्ष), सुरेंद्र सोलंकी, दिलीप आर्य, हरकचंद आर्य, मनोज यादव, बलराम यादव, रूपेश आर्य, जितेंद्र सूर्यवंशी, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष शेख पप्पू, शेख वसीम, नत्था सिंह, चंचल आर्य और गौरव आर्य सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।






