Betul News : ससुंधरा चेक पोस्ट पर ट्रक ड्राइवरों का चक्काजाम, 2 किमी लंबा जाम; एंबुलेंस और बसें फंसीं

On: March 21, 2026 8:37 AM
Follow Us:

Betul News : बैतूल। मुलताई-नागपुर नेशनल हाईवे पर शुक्रवार रात ससुंधरा चेक पोस्ट पर ट्रक ड्राइवरों ने चक्काजाम कर दिया, जिससे हाईवे पर हालात बिगड़ गए। सड़क के दोनों ओर करीब 2 किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिसमें सैकड़ों वाहन फंस गए। घटना आमला थाना क्षेत्र की है।

जाम के दौरान एक एंबुलेंस करीब एक घंटे तक फंसी रही, जबकि 6 से अधिक यात्री बसें भी जाम में अटक गईं। छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। लोग सड़क पर खड़े रहकर जाम खुलने का इंतजार करते रहे।

वसूली और अवैध जांच को लेकर बढ़ा विवाद
जानकारी के मुताबिक, रात करीब 8 बजे चेक पोस्ट पर कथित वसूली की जा रही थी। इसी दौरान ट्रक ड्राइवरों और चेक पोस्ट स्टाफ के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि वाहनों की अवैध जांच और वसूली ही विवाद की मुख्य वजह थी।

बताया जा रहा है कि कॉल पर हुई बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग सामने आने के बाद विवाद और बढ़ गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ट्रक ड्राइवर मौके पर इकट्ठा हो गए और विरोध में अपने वाहन सड़क पर खड़े कर चक्काजाम कर दिया।

तीन थानों की पुलिस पहुंची, बनी रही तनाव की स्थिति
चक्काजाम की सूचना मिलते ही मुलताई, साईंखेड़ा और आमला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ड्राइवरों को समझाने और जाम खुलवाने की कोशिश की। इस दौरान कुछ समय तक इलाके में तनाव की स्थिति बनी रही। करीब 2 घंटे बाद जाम खत्म हो सका।

नारेबाजी और हंगामा, स्टाफ मौके से भागा
विरोध के दौरान ट्रक ड्राइवरों ने ‘न्याय दो, वसूली बंद करो’ जैसे नारे लगाए और चेक पोस्ट पर कार्रवाई की मांग की। हंगामे के बीच चेक पोस्ट स्टाफ मौके से भाग गया।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और चेक पोस्ट पर कथित वसूली के आरोपों की भी जांच की जा रही है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment