Betul News : मुलताई। गैस सिलेंडर वितरण को लेकर बढ़ती शिकायतों के बीच भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष गणेश साहू ने मंगलवार को स्थानीय एचपी गैस एजेंसी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उपभोक्ताओं को हो रही परेशानियों पर नाराजगी जताते हुए व्यवस्था में तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
घर-घर गैस वितरण फिर शुरू होगा
निरीक्षण के दौरान गणेश साहू ने एजेंसी संचालक को स्पष्ट निर्देश दिए कि सीधे वितरण की व्यवस्था बंद कर पहले की तरह घर-घर गैस सिलेंडर पहुंचाने की सुविधा तुरंत शुरू की जाए, ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।
प्रशासन भी मौके पर पहुंचा
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारियों को भी मौके पर बुलाया गया। सूचना मिलते ही राजीव कहार और संजय बारिया एजेंसी पहुंचे और उन्होंने उपभोक्ताओं की सुविधा को प्राथमिकता देने के साथ वितरण व्यवस्था में सुधार करने के निर्देश दिए।
लगातार मिल रही थीं शिकायतें
गणेश साहू ने बताया कि पिछले कई दिनों से गैस सिलेंडर समय पर न मिलने और एजेंसी पर भीड़ लगने की शिकायतें मिल रही थीं। इन्हीं शिकायतों के आधार पर उन्होंने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
विधायक को दी गई जानकारी
पूरे मामले की जानकारी क्षेत्रीय विधायक चंद्रशेखर देशमुख को भी दी गई है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वितरण व्यवस्था पारदर्शी और सुचारू बनी रहे तथा उपभोक्ताओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
गणेश साहू ने नागरिकों से अपील की है कि गैस सिलेंडर से जुड़ी किसी भी समस्या के लिए वे सीधे संपर्क करें, ताकि समय पर समाधान सुनिश्चित किया जा सके।






