किराए पर ली मशीन नहीं लौटाई, झल्लार पुलिस की कार्रवाई; आरोपी महाराष्ट्र से गिरफ्तार
Betul Fraud Case : बैतूल जिले के भैंसदेही पुलिस अनुविभाग के झल्लार थाने में दर्ज आपराधिक विश्वासघात के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर करीब 3 लाख रुपए कीमत की हडंबा थ्रेसर मशीन भी बरामद कर ली गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नागोराव धोटे ने 10 अप्रैल 2026 को झल्लार थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनके पास किसान एग्रो कंपनी की डबल फेन हडंबा थ्रेसर मशीन थी, जिसे 15 जनवरी 2025 को कुंजीलाल पिता काशीराम जामुनकर (32), निवासी दहेन्द्री, चौकी काटकुंभ, थाना चिखलदरा जिला अमरावती (महाराष्ट्र) को किराए पर दिया गया था।
आरोपी ने मशीन के बदले 70 हजार रुपए तय किए थे, जिसमें से 60 हजार रुपए अग्रिम दिए गए थे, जबकि 10 हजार रुपए बाकी थे। लेकिन तय समय बीतने के बाद भी आरोपी ने न तो मशीन वापस की और न ही शेष राशि का भुगतान किया।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपी कुंजीलाल जामुनकर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसकी निशानदेही पर ग्राम बुटीदा स्थित उसके चाचा परसराम के घर से थ्रेसर मशीन बरामद कर जब्त की गई। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है।
सैकड़ों किसान हो चुके शिकार
गौरतलब है कि बैतूल जिले में इस तरह के मामलों में सैकड़ों आदिवासी किसान ठगी का शिकार हो चुके हैं। बिचौलिए किसानों को ट्रैक्टर और थ्रेसर दिलाने के नाम पर कागजों पर हस्ताक्षर करवाकर बैंकों से लोन निकलवाते हैं और बाद में मशीनों को महाराष्ट्र में बेच देते हैं। ऐसे मामलों में आठनेर और भैंसदेही थानों में पहले भी एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक वहीद खान, सहायक उपनिरीक्षक जगदीश नावरे, प्रधान आरक्षक आशीष कवडकर, आरक्षक हर्षवर्धन सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।






