Betul Forest News : बैतूल। गर्मी के मौसम में जंगलों को आग से बचाने के लिए वन विभाग ने एक अनूठा जनजागरूकता अभियान शुरू किया है। आदिवासी अंचलों में स्थानीय बोली में नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से ग्रामीणों को वनाग्नि से होने वाले नुकसान और उससे बचाव के उपायों के बारे में जानकारी दी जा रही है।
यह अभियान वन संरक्षक बैतूल मधु व्ही. राज, दक्षिण वनमंडल के डीएफओ अरिहंत कोचर, एसडीओ पांडे और आमला रेंज के रेंजर नानकराम कुशवाह के मार्गदर्शन में चलाया जा रहा है। इसके तहत आमला रेंज के वनग्राम लादी में नुक्कड़ नाटक का आयोजन कर ग्रामीणों को जंगलों की सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
नाटक के माध्यम से दिया जा रहा संदेश
एकलव्य लोक कला समिति बैतूल के लोक कलाकार बसंत कवड़े और उनकी टीम स्थानीय आदिवासी बोली में नाटक प्रस्तुत कर रही है। इन नाटकों के जरिए ग्रामीणों को बताया जा रहा है कि महुआ बीनने और तेंदूपत्ता संग्रहण के दौरान अनजाने में लगाई गई आग पूरे जंगल को भारी नुकसान पहुंचा सकती है। इससे न केवल वन संपदा नष्ट होती है बल्कि वन्य प्राणियों का जीवन भी खतरे में पड़ जाता है।
गर्मी में बढ़ती हैं आग की घटनाएं
वन विभाग के अनुसार हर साल गर्मी के मौसम में जंगलों में आग लगने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। इन्हें रोकने के लिए विभाग सैटेलाइट निगरानी, फायर लाइन निर्माण, वनकर्मियों की गश्त और जनजागरूकता जैसे कई उपाय करता है। इस बार ग्रामीणों तक संदेश पहुंचाने के लिए स्थानीय कलाकारों की मदद से नुक्कड़ नाटक आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि लोग अपनी ही बोली में इस संदेश को आसानी से समझ सकें।
ग्रामीणों को दिलाया जा रहा संकल्प
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को जंगलों की सुरक्षा का संकल्प भी दिलाया जा रहा है और आगजनी की घटनाओं को रोकने के लिए सतर्क रहने की अपील की जा रही है। वन अधिकारियों का कहना है कि फायर सीजन में महुआ और तेंदूपत्ता संग्रहण के समय आग लगने का खतरा सबसे अधिक रहता है, इसलिए ग्रामीणों की जागरूकता बेहद जरूरी है।
कार्यक्रम में इनकी रही मौजूदगी
इस अवसर पर परिक्षेत्र अधिकारी आमला नानकराम कुशवाह, परिक्षेत्र सहायक लादी राजेंद्र मोखलगाय, परिक्षेत्र सहायक आमला योगेश साहू, बीट गार्ड मंगारा विशाल वामने, बीट गार्ड लादी भीमराव सातनकर, बीट गार्ड बीजादेही यशवंत सिंह चौहान, बीट गार्ड खतेड़ा देवेंद्र सिंह ठाकुर, बीट गार्ड कलमेश्वरा अरुण प्रताप कौरव, बीट गार्ड पचामा बिजेंद्र कैथवास तथा सरपंच राजू शिलुकर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।






