Betul Fire News : मुलताई नगर के भगतसिंह वार्ड में सोमवार सुबह करीब 11 बजे एक मकान में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार डॉ. रामदास गडेकर के मकान में किराए से रह रहे वीरेंद्र वर्मा के किचन में लगे वाटर डिस्पेंसर के फटने से आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने किचन में रखी घरेलू सामग्री को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना के समय घर में मौजूद लोगों ने तुरंत बाहर निकलकर अपनी जान बचाई और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। आग लगने के दौरान किचन में गैस सिलेंडर भी चालू स्थिति में था, जिससे बड़े हादसे की आशंका बनी हुई थी। यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो सिलेंडर विस्फोट से गंभीर नुकसान हो सकता था।
फायर टीम की तत्परता से टला हादसा
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और तुरंत राहत कार्य शुरू किया। टीम ने सबसे पहले गैस सिलेंडर के मेन वाल्व को सुरक्षित तरीके से बंद किया और उसे बाहर निकालकर पानी से ठंडा किया।
इसके बाद आग बुझाने के लिए लगातार पानी की बौछार की गई। फायर टीम के ड्राइवर धनराज पवार, गिरीश पिपले, सुमित पुरी और भूपेंद्र राठौर ने कड़ी मेहनत और सूझबूझ से आग पर काबू पाया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन किचन में रखा घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया। स्थानीय लोगों ने फायर टीम की तत्परता और साहस की सराहना करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया।






