Betul Fire News : बैतूल। शहर के कालापाठा इलाके में शुक्रवार को एक खड़ी बाइक में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। यामाहा शोरूम के सामने हुई इस घटना में बाइक देखते ही देखते धूं-धूं कर जल उठी और कुछ ही देर में पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, एक आदिवासी युवक अपनी बाइक खड़ी कर कहीं चला गया था। इसी दौरान अचानक वाहन में आग लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शुरुआत में बाइक में दो बार हल्की आग लगी थी, जिसे आसपास मौजूद लोगों ने पानी डालकर बुझा दिया था।
लेकिन तीसरी बार अचानक तेज धमाके की आवाज के साथ आग भड़क उठी और देखते ही देखते पूरी बाइक आग की लपटों में घिर गई। घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड को बुलाया गया, लेकिन दमकल के पहुंचने से पहले ही बाइक पूरी तरह जल चुकी थी।
घटना गंज थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। पुलिस ने बाइक नंबर के आधार पर वाहन मालिक की तलाश शुरू कर दी है और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है।






