चिचोली थाना क्षेत्र के सिंगरईखापा गांव की घटना, लकड़ी से हमले में हुई मौत
Betul Crime News : बैतूल जिले के चिचोली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिंगरईखापा में महुआ बीनने को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, 48 वर्षीय खुड्डा धुर्वे की इस घटना में मौत हो गई। मृतक की पत्नी लक्ष्मी धुर्वे ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनके खेत के पास ही पड़ोसी राकेश धुर्वे का खेत है, जिसकी मेड़ पर महुआ का पेड़ लगा हुआ है। महुआ के मौसम में दोनों पक्ष उस पेड़ से महुआ बीनते थे।
शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे खुड्डा धुर्वे महुआ बीनने खेत पहुंचे थे। इसी दौरान महुआ बीनने को लेकर उनका राकेश धुर्वे से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए पहले हाथ-मुक्कों से मारपीट की और फिर लकड़ी से हमला कर दिया।
पत्नी से पहले हुई थी कहासुनी
बताया गया है कि घटना से पहले मृतक की आरोपी की पत्नी से भी कहासुनी और गाली-गलौज हुई थी। उस समय आरोपी घर पर था। विवाद की जानकारी मिलते ही वह लकड़ी लेकर मौके पर पहुंचा और आवेश में आकर खुड्डा धुर्वे पर हमला कर दिया।
हमले में गंभीर रूप से घायल खुड्डा धुर्वे को परिजन तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने दिखाई तत्परता
मामले में पुलिस ने पहले मर्ग कायम कर मारपीट का मामला दर्ज किया था, लेकिन मौत के बाद प्रकरण में हत्या की धाराएं जोड़ दी गईं। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित की गई।
जिला साइबर शाखा की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर उसे 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लकड़ी भी जब्त कर ली गई है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी हरिओम पटेल और उनकी टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।






