Betul Crime News : मुलताई में निर्माणाधीन मकान से बिजली वायर चोरी के मामले में पुलिस ने रविवार को एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका एक साथी अभी फरार है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 95 हजार रुपए कीमत के 26 केबल वायर बंडल बरामद किए हैं। संपत्ति संबंधी अपराधों पर नियंत्रण के लिए मुलताई पुलिस लगातार अभियान चला रही है।
थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह परिहार के अनुसार, चौकी दुनावा क्षेत्र में रहने वाली चमेली बाई पति जी.एस. रघुवंशी, निवासी कालापाठा बैतूल ने शनिवार को शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि दुनावा स्थित आदित्य TVS के सामने उनके निर्माणाधीन मकान से हेवेल्स कंपनी के 28 वायर बंडल चोरी हो गए थे, जिनकी कीमत करीब 98 हजार रुपए थी।
CCTV फुटेज से हुआ खुलासा
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने CCTV फुटेज, खरीदी बिल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरी की पुष्टि की। थाना मुलताई में अपराध क्रमांक 201/2026 के तहत धारा 331(3) और 305(ए) भारतीय न्याय संहिता में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। फुटेज में 22 मार्च को दो युवक स्कूटी से आकर मकान का ताला तोड़ते और वायर चोरी करते हुए दिखाई दिए।
मुखबिर सूचना पर कार्रवाई
थाना प्रभारी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी नितिन विश्वकर्मा (38), निवासी भारत भारती, थाना कोतवाली, जिला बैतूल को 28 मार्च को गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
दूसरे आरोपी की तलाश जारी
इस मामले में दूसरा आरोपी सूरज उर्फ एलियन भावसार अभी फरार है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है। पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने नागरिकों से सतर्क रहने और अपने घरों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की अपील की है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह परिहार, चौकी प्रभारी नेपाल सिंह ठाकुर सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।






