दो आरोपी और एक अपचारी बालक गिरफ्तार; जंगल में छिपाते थे चोरी की बाइक-स्कूटी
Betul Crime News : शहर में बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाते हुए बैतूल पुलिस ने एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों और एक अपचारी बालक को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 10 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। जब्त वाहनों की कुल कीमत करीब 5 लाख 10 हजार रुपए आंकी गई है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शेख फैजान (24) निवासी आर्य वार्ड, कंपनी गार्डन और तिलक उर्फ सोम शर्मा (21) के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने एक अपचारी बालक के साथ मिलकर शहर के विभिन्न इलाकों से मोटरसाइकिल और स्कूटी चोरी करने की बात स्वीकार की है।
जंगल में छिपाते थे वाहन
जांच में सामने आया है कि आरोपी तरंग वाटिका, मस्की चौक, प्रताप वार्ड, अग्निहोत्री कॉलोनी, बच्चा जेल चौक, महावीर वार्ड, टिकारी और खंजनपुर रोड सहित कई क्षेत्रों से वाहन चुराते थे। चोरी के बाद वे इन्हें शहर के आसपास के जंगलों में छिपा देते थे, ताकि पुलिस को शक न हो।
सीसीटीवी और मुखबिर से मिला सुराग
कोतवाली पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर शेख फैजान को हिरासत में लिया। सख्ती से पूछताछ के बाद पूरे गिरोह का खुलासा हुआ। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 5 मोटरसाइकिल और 5 स्कूटी सहित कुल 10 वाहन बरामद किए।
इस कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक देवकरण डेहरिया के नेतृत्व में पुलिस टीम और साइबर सेल ने संयुक्त रूप से काम किया। पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने टीम की सराहना करते हुए पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
पुलिस की अपील
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों को सुरक्षित स्थान पर खड़ा कर लॉक करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत डायल 112 पर दें।






