Betul Crime News : बैतूलजिले के भैंसदेही थाना क्षेत्र के ग्राम बैलढाना में घरेलू विवाद के चलते एक पति ने अपनी पत्नी की डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना शनिवार शाम की बताई जा रही है। रविवार को मृतका का जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया।
जानकारी के अनुसार 37 वर्षीय मालो अपने घर में मौजूद थी, तभी उसका पति राजू धोटे शराब के नशे में वहां पहुंचा। किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने डंडे से पत्नी पर हमला कर दिया। इस हमले में मालो के चेहरे और शरीर पर गंभीर चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल मालो को तत्काल जिला अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एक हफ्ते से चल रहा था विवाद
पुलिस और परिजनों के अनुसार पति-पत्नी के बीच पिछले एक सप्ताह से लगातार विवाद चल रहा था। घटना के बाद से आरोपी पति फरार है।
चार बच्चों के सिर से उठा मां का साया
मृतका के चार बच्चे हैं, जिनमें तीन बेटियां और एक बेटा शामिल हैं। इस घटना के बाद बच्चों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। भैंसदेही पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है और पूरे मामले की जांच जारी है।






