Betul Bhakti Satsang : बैतूल में विराट भक्ति सत्संग: विद्यार्थियों को सुधांशु जी महाराज ने दिए सफलता और एकाग्रता के सूत्र

On: April 10, 2026 11:19 AM
Follow Us:

पुलिस ग्राउंड में विशेष सत्र आयोजित, छात्रों ने पूछे सवाल; ध्यान, अनुशासन और अभ्यास पर दिया जोर

Betul Bhakti Satsang : बैतूल के पुलिस ग्राउंड में चल रहे विराट भक्ति सत्संग के दौरान शुक्रवार को विद्यार्थियों के लिए विशेष सत्र आयोजित किया गया। इस सत्र में परमपूज्य सुधांशु जी महाराज ने बच्चों को पढ़ाई, एकाग्रता और जीवन में सफलता के महत्वपूर्ण सूत्र बताए। कार्यक्रम में मानसरोवर, आरडी सहित शहर के कई स्कूलों और कॉलेजों के छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में शामिल हुए।

सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने महाराज श्री से विभिन्न सवाल पूछे। गुस्सा अधिक आने के प्रश्न पर उन्होंने कहा कि जिस कार्य में सफलता पाना चाहते हैं, उससे प्रेम करना सीखें। इससे मन स्थिर होता है और क्रोध स्वतः कम हो जाता है। वहीं तरक्की के सवाल पर उन्होंने निरंतर अभ्यास और मन लगाकर कार्य करने की सलाह दी।

पढ़ाई में कंसंट्रेशन बढ़ाने के लिए उन्होंने ध्यान, अनुशासन और नियमित अभ्यास को जरूरी बताया। इस अवसर पर मौजूद शिक्षाविदों और समाजसेवियों ने भी विद्यार्थियों को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। पूरे सत्र में छात्रों ने उत्साह के साथ भाग लिया और मार्गदर्शन प्राप्त किया।

12 अप्रैल तक चलेगा सत्संग
गौरतलब है कि विश्व जागृति मिशन बैतूल मंडल द्वारा सनातन संस्कृति जागरण अभियान के तहत 9 से 12 अप्रैल तक यह भक्ति सत्संग आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। प्रतिदिन सुबह और शाम प्रवचन हो रहे हैं, जबकि 12 अप्रैल को मंत्र दीक्षा का आयोजन किया जाएगा।

सुधांशु जी महाराज का परिचय
सुधांशु जी महाराज देश के प्रसिद्ध आध्यात्मिक वक्ता और समाज सुधारक हैं। वे विश्व जागृति मिशन के संस्थापक हैं और उनके प्रवचनों में जीवन प्रबंधन, नैतिकता, पारिवारिक मूल्यों और भारतीय संस्कृति पर विशेष जोर रहता है। उन्होंने देश-विदेश में अपने सत्संगों के माध्यम से लाखों लोगों को प्रेरित किया है।

आयोजन समिति के अनुसार, इस सत्संग का उद्देश्य समाज में संस्कार, सकारात्मक सोच और नैतिक मूल्यों का प्रसार करना है। साथ ही इस अभियान के तहत 10 गुरुकुल और 108 संस्कार केंद्र स्थापित करने का लक्ष्य भी रखा गया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment