Betul Atikraman News : 10 साल बाद फिर तेज हुई गंज मंडी कॉम्प्लेक्स की रफ्तार: निरीक्षण में CMO सख्त, अतिक्रमण हटाने के निर्देश

On: April 8, 2026 10:47 AM
Follow Us:

Betul Atikraman News : शहर के बहुप्रतीक्षित गंज मंडी कॉम्प्लेक्स निर्माण को लेकर प्रशासन एक बार फिर सक्रिय हो गया है। बुधवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल के निर्देश पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) नवनीत पाण्डेय ने निर्माणाधीन स्थल का निरीक्षण कर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान CMO ने बताया कि कॉम्प्लेक्स में कुल 320 दुकानों का निर्माण प्रस्तावित है। इनमें ग्राउंड फ्लोर पर 142, मेजेनाइन फ्लोर पर 26, प्रथम तल पर 98 और द्वितीय तल पर 54 दुकानें शामिल हैं। वर्तमान में ‘जी ब्लॉक’ में 66 और ‘एफ ब्लॉक’ में 78 दुकानों का निर्माण कार्य जारी है, जबकि ‘जी-2 ब्लॉक’ में 32 दुकानों के लिए साइट क्लियर करने के निर्देश दिए गए हैं।

अतिक्रमण पर सख्ती
सीएमओ पाण्डेय ने अतिक्रमण हटाने को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए मौके पर मौजूद अतिक्रमणकारियों को जल्द से जल्द स्थल खाली करने के निर्देश दिए। साथ ही अतिक्रमण दल को अभियान तेज करने को कहा गया।

दुकानदारों को जल्द शिफ्टिंग
प्रशासन ने पहले से तैयार 44 दुकानों में व्यापारियों को एक सप्ताह के भीतर शिफ्ट कराने के निर्देश भी जारी किए हैं, ताकि निर्माण कार्य में और तेजी लाई जा सके।

10 करोड़ से अधिक की परियोजना, 10 साल से अधूरी
गंज मंडी कॉम्प्लेक्स का निर्माण करीब 10.40 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। इसका ड्राइंग-डिजाइन 15 अक्टूबर 2015 को जारी किया गया था, लेकिन करीब एक दशक बाद भी यह परियोजना अधूरी बनी हुई है।

वादा पूरा करने की कवायद
गौरतलब है कि 14 नवम्बर 2023 को चुनाव के दौरान विधायक हेमंत खंडेलवाल ने व्यापारियों से कॉम्प्लेक्स जल्द पूरा कराने का वादा किया था। अब प्रशासन उसी वादे को पूरा करने के लिए निर्माण कार्य में तेजी लाने में जुट गया है।

अब देखना होगा कि वर्षों से लंबित यह प्रोजेक्ट आखिर कब तक धरातल पर पूरी तरह साकार हो पाता है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment