Betul Accident News : बैतूल। नेशनल हाईवे पर बरेठा घाट में सोमवार दोपहर हुए सड़क हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर दो हो गई है। गंभीर रूप से घायल भैयालाल पंद्रम (22) ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इससे पहले इस हादसे में जगदीश नर्रे की मौके पर ही मौत हो गई थी।
जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 2 बजे बरेठा घाट के पहले मोड़ पर एक बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी। हादसे के समय दोनों युवक सिंगार चावड़ी गांव से बकतरा जा रहे थे। इस दुर्घटना में गुम्मा ढाणा निवासी जगदीश नर्रे की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी, जबकि भैयालाल पंद्रम गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
आईसीयू में चल रहा था इलाज
हादसे में भैयालाल के दाहिने पैर की फीमर बोन टूट गई थी और चेहरे पर भी गंभीर चोटें आई थीं। उन्हें 108 एम्बुलेंस की मदद से पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहपुर ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर उन्हें जिला अस्पताल बैतूल रेफर किया गया, जहां आईसीयू में इलाज के दौरान मंगलवार को उनकी मौत हो गई।
परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक जगदीश नर्रे खेती-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे और दो भाइयों में सबसे छोटे थे। उनकी शादी करीब 15 दिन पहले तय हुई थी। वहीं, भैयालाल पंद्रम अपने दो भाइयों में बड़े थे और अविवाहित थे। दोनों युवकों की असमय मौत से परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
पुलिस जांच जारी
सोमवार को जगदीश का पोस्टमार्टम शाहपुर में कर शव परिजनों को सौंप दिया गया था, जबकि भैयालाल के शव का भी पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है और पूरे मामले की जांच जारी है।






