Betul News : बैतूल। भारतीय किसान संघ के पदाधिकारियों ने गुरुवार को नव नियुक्त कलेक्टर से मुलाकात कर किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में स्लॉट बुकिंग, खाद की उपलब्धता और अधूरे बांधों के निर्माण जैसे प्रमुख मुद्दे उठाए गए।
इस दौरान जिला अध्यक्ष मनोज नवांगे, संभागीय उपाध्यक्ष अशोक मलैया, नकुल चंदेल, प्रकाश गाडगे, दीपक कपूर सहित सभी तहसीलों के अध्यक्ष और जिला कार्यकारिणी के सदस्य मौजूद रहे।
स्लॉट बुकिंग में आ रही परेशानी
किसान संघ ने बताया कि राजस्व विभाग द्वारा गेहूं फसल का सर्वे होने के बावजूद सैटेलाइट की तकनीकी गड़बड़ी के कारण किसानों की स्लॉट बुकिंग नहीं हो पा रही है। इससे उपार्जन प्रक्रिया प्रभावित हो रही है और किसानों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। संघ ने चेतावनी दी कि यदि समय पर खरीदी नहीं हुई, तो किसान सहकारी समितियों और बैंकों के डिफाल्टर हो सकते हैं।
खाद उपलब्धता और अन्य मांगें
संघ ने गन्ना फसल के लिए उर्वरक की तत्काल उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही ई-टोकन के साथ ई-पेमेंट व्यवस्था लागू करने और जिले में अधूरे पड़े बांधों के निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू कराने की मांग भी उठाई।
कलेक्टर ने दिया आश्वासन
कलेक्टर ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और जल्द समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि स्लॉट बुकिंग की समस्या को प्राथमिकता के आधार पर सुलझाया जाएगा और खाद की उपलब्धता को लेकर भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
किसान संघ ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन द्वारा जल्द कार्रवाई की जाएगी, जिससे जिले के किसानों को राहत मिल सकेगी।






