Multai Rule Break News : नो-पार्किंग में खड़े भारी वाहनों पर मुलताई पुलिस की सख्ती, पांच के कटे चालान

On: January 14, 2026 9:03 AM
Follow Us:

Multai Rule Break News : शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाए रखने के लिए मुलताई पुलिस द्वारा लगातार चालानी कार्रवाई की जा रही है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस सख्त रुख अपनाए हुए है, ताकि सड़क पर अव्यवस्था और जाम की स्थिति से निजात मिल सके।

लगातार मिल रही शिकायतों को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने नो-पार्किंग क्षेत्रों में खड़े भारी वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। इसी क्रम में मुलताई न्यायालय परिसर के आसपास प्रतिबंधित स्थानों पर खड़े भारी वाहनों पर कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह परिहार ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया, जहां पाया गया कि कई वाहन चालक नियमों की अनदेखी कर नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़े किए हुए थे, जिससे यातायात बाधित हो रहा था।

पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कुल पांच भारी वाहनों के चालान काटे। साथ ही संबंधित वाहन चालकों को सख्त चेतावनी दी गई कि भविष्य में इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमों का उल्लंघन दोहराने पर और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

थाना प्रभारी ने वाहन चालकों को समझाइश देते हुए कहा कि वे नो-पार्किंग क्षेत्रों, प्रतिबंधित मार्गों और निर्धारित समय का विशेष ध्यान रखें। भारी वाहनों का संचालन तय मार्गों और समय के अनुसार ही करें, ताकि आपातकालीन सेवाओं, आम नागरिकों और अन्य वाहनों की आवाजाही प्रभावित न हो।

मुलताई पुलिस ने नागरिकों से भी यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि शहर में सुव्यवस्थित और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment