Betul Accident News : मंगलवार सुबह गोपालतलाई क्षेत्र में एक सड़क हादसा हो गया। संभाजीनगर (महाराष्ट्र) से कच्ची पपीता लेकर बैतूल आ रही एक पिकअप वाहन सुबह करीब 6 बजे अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। गनीमत रही कि चालक ने समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली और इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मुलताई की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार अज्ञात कार ने पिकअप को साइड नहीं दी। टक्कर से बचने के प्रयास में पिकअप चालक ने अचानक वाहन मोड़ा, जिससे संतुलन बिगड़ गया और वाहन सड़क किनारे पलट गया। वाहन के पलटने का अंदेशा होते ही चालक ने तुरंत छलांग लगा दी।

हादसे के बाद पिकअप में लदी कच्ची पपीता सड़क पर बिखर गई, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने मदद करते हुए सड़क से पपीता हटाई और यातायात को सुचारू कराने में सहयोग किया। बाद में वाहन को हटाने की व्यवस्था की गई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों और तेज रफ्तार गाड़ियों की आवाजाही अधिक रहती है, जिसके कारण यहां आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था बहाल कराई। पुलिस अज्ञात कार की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
गौरतलब है कि समय पर चालक की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया।






