Betul ki Khaber : केन्द्रीय विद्यालय सारणी का स्वर्ण जयंती समारोह 23–24 जनवरी को, देश-विदेश से जुटेंगे पूर्व छात्र

On: January 10, 2026 6:43 AM
Follow Us:

50 वर्षों की गौरवशाली शैक्षणिक यात्रा का होगा उत्सव

Betul ki Khaber : केन्द्रीय विद्यालय, सारणी अपने स्थापना के 50 वर्ष पूर्ण करने जा रहा है। इस अवसर पर विद्यालय में 23 एवं 24 जनवरी को भव्य स्वर्ण जयंती समारोह एवं पूर्व छात्र सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन स्टूडेंट एलुमनी एसोसिएशन ऑफ केन्द्रीय विद्यालय सारणी के तत्वावधान में विद्यालय परिसर में संपन्न होगा।

इस ऐतिहासिक समारोह में देश-विदेश से बड़ी संख्या में पूर्व छात्र, सेवानिवृत्त शिक्षक, पूर्व प्राचार्यगण एवं अन्य विशिष्ट अतिथि शामिल होंगे। दो दिवसीय आयोजन के माध्यम से विद्यालय की 50 वर्षों की शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक उपलब्धियों को याद किया जाएगा।

23 जनवरी को पूर्व छात्र सम्मेलन
पहले दिन 23 जनवरी को पूर्व छात्र सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस दौरान पूर्व स्टाफ का सम्मान किया जाएगा तथा पूर्व छात्रों के बीच आपसी संवाद का अवसर मिलेगा। सायंकालीन सत्र में पूर्व छात्रों द्वारा सजीव संगीत कार्यक्रम, डिस्क जॉकी नाइट, अलाव एवं सामूहिक रात्रि भोज का आयोजन किया जाएगा।

24 जनवरी को स्वर्ण जयंती मुख्य समारोह
दूसरे दिन 24 जनवरी को स्वर्ण जयंती समारोह का आयोजन होगा। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकालीन प्रार्थना सभा एवं स्वर्ण जयंती सभा से की जाएगी। इसके पश्चात 51 पौधों के वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया जाएगा।

मुख्य समारोह में दीप प्रज्वलन, प्राचार्य एवं मुख्य अतिथि का संबोधन, विद्यार्थियों एवं पूर्व छात्रों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, शिक्षकों का सम्मान, स्वर्ण जयंती स्मारिका का विमोचन तथा पूर्व छात्रों की गोलमेज चर्चा आयोजित की जाएगी।

कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन, समूह छायाचित्र एवं राष्ट्रगान के साथ होगा।

आयोजन समिति की ओर से अध्यक्ष श्रीमती रेनू एरुलू, उपाध्यक्ष लोकेश सोनी, सचिव नंद किशोर बारंगे, कोषाध्यक्ष रविंद्र नरवरे एवं सोशल मीडिया प्रभारी सुनील गुप्ता ने सभी पूर्व छात्रों, शिक्षकों एवं शुभचिंतकों से इस स्वर्णिम अवसर में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने की अपील की है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment