Betul Crime News : बैतूल शहर में केबल वायर चोरी के मामले में कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से चोरी किया गया बिजली का केबल वायर, एक मोटरसाइकिल और अन्य सामान बरामद किया गया है।
यह घटना 6 जनवरी को सामने आई थी। गेहूंरास निवासी राममोहन मालवीय के घर के सामने से काले रंग का बिजली का केबल वायर अज्ञात चोर द्वारा चोरी कर लिया गया था। चोरी किए गए केबल वायर की कीमत करीब 40 हजार रुपए बताई जा रही है। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान पुलिस ने सलैया निवासी 24 वर्षीय दीपक मालवीय को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की वारदात को स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किया गया केबल वायर, बिना नंबर की बजाज पल्सर मोटरसाइकिल और पीली रस्सी बरामद की है।
पुलिस अब आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है। जांच अधिकारी उपनिरीक्षक नरेंद्र उईके ने बताया कि संभावना है कि आरोपी इसी तरह की अन्य चोरी की घटनाओं में भी शामिल रहा हो। इस एंगल से भी उससे पूछताछ जारी है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी नीरज पाल, उपनिरीक्षक नरेंद्र उईके, सहायक उपनिरीक्षक अजय अजनेरिया, प्रधान आरक्षक दीवान और आरक्षक अनिल बेलवंशी की अहम भूमिका रही।






