एल्ड्रोक इंडिया के-12 अवॉर्ड्स 2026 में मिला ‘बेस्ट टेक्नोलॉजी यूज़ इन टीचिंग’ अवॉर्ड
Betul News : देश के चुनिंदा विद्यालयों की श्रेणी में शामिल सतपुड़ा वैली पब्लिक स्कूल ने एक बार फिर अपनी उत्कृष्ट पहचान राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित की है। विद्यालय को एल्ड्रोक इंडिया के-12 अवॉर्ड्स 2026 में टीचिंग में टेक्नोलॉजी के बेहतरीन उपयोग के लिए ‘बेस्ट टेक्नोलॉजी यूज़ इन टीचिंग’ का प्रतिष्ठित राष्ट्रीय अवॉर्ड प्रदान किया गया है।
यह महत्वपूर्ण उपलब्धि विद्यालय की डायरेक्ट्रेस श्रीमती दीपाली निलय डागा के कुशल, दूरदर्शी और नवाचारी नेतृत्व में संभव हो सकी। शिक्षा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान और प्रभावशाली भूमिका को देखते हुए उन्हें भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
विद्यालय की प्राचार्य डॉ. रितु बाजपेई ने बताया कि यह सम्मान स्कूल में आधुनिक प्रयोगशालाओं, स्मार्ट क्लासरूम्स और डिजिटल लर्निंग टूल्स के प्रभावी और नवाचारी उपयोग के लिए दिया गया है। सतपुड़ा वैली पब्लिक स्कूल ने तकनीक को केवल साधन नहीं, बल्कि सोच, नवाचार और रचनात्मकता का अभिन्न हिस्सा बनाया है।
नई तकनीकों से सशक्त हुए शिक्षक
वर्तमान में विद्यालय में डिजिटल क्लासरूम्स, एआई आधारित लर्निंग टूल्स और स्मार्ट मॉनिटरिंग सिस्टम जैसे आधुनिक नवाचार सफलतापूर्वक लागू किए गए हैं। इससे विद्यार्थियों का सीखने का अनुभव अधिक रोचक और प्रभावी हुआ है, वहीं शिक्षक भी नई तकनीकों के माध्यम से और अधिक सशक्त बने हैं।
एल्ड्रोक इंडिया के-12 अवॉर्ड्स 2026 भारतीय शिक्षा में उत्कृष्टता को पहचान देने वाला एक प्रतिष्ठित राष्ट्रीय मंच है। यह सम्मान पूरे सतपुड़ा वैली पब्लिक स्कूल परिवार के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है।






