Betul Crime News : बैतूल बाजार पुलिस ने गोवंश की अवैध तस्करी करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक बिना नंबर की सफेद बुलेरो पिकअप वाहन और उसमें क्रूरतापूर्वक बांधे गए दो बैल बरामद किए हैं। बैलों को महाराष्ट्र के कत्लखाने ले जाया जा रहा था।
यह कार्रवाई बजरंग दल के एक कार्यकर्ता से प्राप्त सूचना के आधार पर की गई। सूचना में बताया गया था कि साकादेही से आठनेर रोड होते हुए एक सफेद पिकअप वाहन में गोवंशों की अवैध तस्करी की जा रही है।

सूचना मिलते ही पुलिस ने आठनेर रोड स्थित भोगीटेडा क्षेत्र में घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका। तलाशी के दौरान पिकअप वाहन में रस्सियों से क्रूरतापूर्वक बंधे दो बैल मिले। जब पुलिस ने वाहन चालक और उसके साथी से गोवंश परिवहन के वैध दस्तावेज मांगे तो वे कोई भी कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम कमलेश यादव (30) निवासी बासंपानी और भिक्कू यादव (56) निवासी साकादेही बताए। पुलिस ने मौके से लगभग 40 हजार रुपए मूल्य के दो बैल तथा करीब 4 लाख रुपए कीमत का बुलेरो पिकअप वाहन जब्त किया है।
इस मामले में आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश गोवंश वध प्रतिषेध अधिनियम की धारा 4, 6, 9, 11 एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(घ) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है।






