Betul Crime News : मुलताई थाना क्षेत्र के ग्राम दुनावा में एक होटल संचालक के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। फरियादी विजय पवार (42) की शिकायत पर मुलताई थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विजय पवार की दुनावा मेन रोड पर होटल है। आरोप है कि संतोष कौशिक (35) और हर्ष देशमुख (28), दोनों निवासी दुनावा, अपने एक अन्य अज्ञात साथी के साथ बिना किसी कारण होटल में घुस आए। आरोपियों ने गाली-गलौच करते हुए विजय पवार के साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में फरियादी के दाहिने हाथ की कोहनी, एड़ी, पैर के तलवे और पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं।
आरोप है कि हमलावरों ने विजय पवार और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। फरियादी का कहना है कि यह हमला किसी व्यक्ति विशेष के कहने पर किया गया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और वे गांव में अक्सर गिरोह बनाकर इस तरह की घटनाओं को अंजाम देते रहते हैं।
विजय पवार ने पुलिस को बताया कि पूरी घटना होटल के पास स्थित एक ज्वेलरी दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान की जा सकती है।
दुनावा चौकी में आवेदन मिलने और तस्दीक के बाद मुलताई थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 00/2026 के तहत धारा 333, 296(बी), 115(2), 351(3) एवं 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले की विवेचना जारी है।






