Betul Accident News : बैतूल-नागपुर फोरलेन पर सोमवार रात करीब 9 बजे बड़ा सड़क हादसा हो गया। सापना-सोहागपुर जोड़ के पहले एक निजी यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतरते हुए पलट गई। हादसे में बस में सवार 15 यात्री घायल हो गए, जिन्हें एम्बुलेंस की मदद से बैतूल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस बैतूल से बिसनूर की ओर जा रही थी। यात्रा के दौरान बस में तकनीकी खराबी आ गई, जिसे चालक ने सड़क किनारे खड़ा कर ठीक किया। कुछ दूरी आगे बढ़ने पर चौधरी ढाबे के पास बस में फिर से खराबी आ गई। इसी दौरान चालक बस को ठीक कर रहा था, तभी बस अचानक न्यूट्रल हो गई और तेजी से पीछे की ओर लुढ़कते हुए सड़क से नीचे जाकर पलट गई।
हादसे के समय बस में करीब 40 यात्री सवार थे। घटना की सूचना मिलते ही बैतूल बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। फिलहाल सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

हादसे में घायल यात्री:
नीता पति मुकेश (30) निवासी गौला, सागर धनराज (18) रावा सिखेड़ा, सोनू हनुते (34) इंखेड़ा, नामदेव गाकरे (32) इंखेड़ा, दुर्गा बाई (40), राहुल (33), सनम (20) गौला, मीरा बाई (60) बडोरा, पवन (25) निम्नवाड़ा, सीमा (44) निम्नवाड़ा, मीरा बाई (75) इकलहरा, गेंदराव (81) इकलहरा, कन्हैया (19) गौला, अंजू (55) इंखेड़ा और लता (35) पौनी।
पुलिस मामले की जांच कर रही है।







