Multai News : खंबारा घाट के पास लहसुन से भरे आयशर ट्रक में आग, चालक ने कूदकर बचाई जान

On: January 5, 2026 6:41 AM
Follow Us:

Multai News : रविवार और सोमवार की दरमियानी रात करीब 1:40 बजे ग्राम खंबारा घाट के पास इंदौर से उड़ीसा जा रहे लहसुन से भरे एक आयशर ट्रक के केबिन में अचानक आग लग गई। आग की चपेट में आकर ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह जल गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार ट्रक क्रमांक MH 40 CT 6154 लहसुन की खेप लेकर उड़ीसा जा रहा था। खंबारा घाट के पास पहुंचते ही ट्रक के केबिन से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया, जिसके कुछ ही पलों में आग की लपटें निकलने लगीं। स्थिति को भांपते हुए चालक ने तुरंत ट्रक से छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई। चालक को मामूली चोटें आई हैं और वह सुरक्षित बताया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने फायर ब्रिगेड को जानकारी दी। नगर पालिका की फायर टीम मौके पर पहुंची। फायर कर्मचारी मनोज सिंह, दीपक अहिरवार और सुमित पूरी ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि ट्रक के केबिन का अगला हिस्सा पूरी तरह जलकर खाक हो गया।

आग लगने के चलते कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा। फायर ब्रिगेड द्वारा आग बुझाने के बाद मार्ग को पुनः सुचारू कराया गया। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment