Betul Samachar : शहर में 20 जनवरी को आयोजित होने वाले शिवाजी बस्ती हिंदू सम्मेलन को लेकर रविवार को न्यू बैतूल ग्राउंड में विधिवत भूमिपूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ। यह सम्मेलन बैतूल में लगातार आयोजित हो रहे हिंदू सम्मेलनों की श्रृंखला का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।
सकल हिंदू समाज समिति द्वारा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सहयोग से शहर की 13 बस्तियों को विभाजित कर 33 वार्डों में हिंदू सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शिवाजी बस्ती हिंदू सम्मेलन की तैयारियों की औपचारिक शुरुआत भूमिपूजन के साथ की गई।

भूमिपूजन कार्यक्रम में देशबंधु, मोती, गांधी और शिवाजी वार्ड के बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पूर्व पार्षदों सहित कई गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता कर आयोजन को सफल बनाने का संकल्प लिया।
आयोजकों ने बताया कि इन सम्मेलनों का मुख्य उद्देश्य समाज में समरसता, एकता और सांस्कृतिक चेतना का प्रसार करना है। भूमिपूजन कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता की आरती एवं पूजन के साथ की गई, जिसके बाद आयोजन को लेकर चर्चा की गई।
आयोजकों के अनुसार 20 जनवरी को न्यू बैतूल ग्राउंड, कोठीबाजार में होने वाले शिवाजी बस्ती हिंदू सम्मेलन का विस्तृत कार्यक्रम तय कर लिया गया है। कार्यक्रम के तहत सुबह 10 बजे कलश यात्रा निकाली जाएगी, सुबह 11 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे, दोपहर 12:15 बजे मुख्य वक्ता का उद्बोधन होगा और दोपहर 1:30 बजे से भोजन प्रसादी का आयोजन किया जाएगा।
यह भव्य आयोजन सकल हिंदू समाज समिति के तत्वावधान में तथा शिवाजी बस्ती सकल हिंदू समाज के निवेदन पर किया जा रहा है। आयोजकों ने अधिक से अधिक नागरिकों से सम्मेलन में सहभागिता करने की अपील की है।






