Betul ki Khaber : विद्युत पेंशनर्स हित रक्षक संघ की नववर्ष 2026 की पहली मासिक बैठक जनवरी माह में उत्साहपूर्वक आयोजित की गई। बैठक संगठन के संरक्षक के.आर. घोडकी की अध्यक्षता में संपन्न हुई, जिसमें लगभग 107 विद्युत पेंशनरों ने सहभागिता की।
बैठक में पेंशनरों से जुड़ी प्रमुख समस्याओं और मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई। पेंशनरों ने कैशलेस उपचार के लिए बीमा व्यवस्था लागू करने, ट्रेजरी के माध्यम से कैशलेस पेंशन भुगतान सुनिश्चित करने तथा जनवरी 2024 के बाद देय ग्रेच्युटी की सीमा 25 लाख रुपये तक किए जाने की मांग प्रमुखता से उठाई। इसके अलावा अन्य लंबित समस्याओं को भी बैठक में रखा गया और शीघ्र समाधान की अपेक्षा जताई गई।

संघ के अध्यक्ष रेवाराम वराठे ने पेंशनरों को आश्वस्त किया कि उनकी सभी समस्याओं के निराकरण के लिए संगठन स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और अल्प समय में सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे।
बैठक में व्ही.एन. बारस्कर, सचिव यू.डी. लिखितकर, कोषाध्यक्ष ए.आर. देशमुख, उपाध्यक्ष ए.आर. खांडवे, लेखापाल श्रीराम बारस्कर, बी.आर. पाटनकर, पूनमचंद रायकुवर सहित बड़ी संख्या में पेंशनर उपस्थित रहे। बैठक के अंत में सभी पेंशनरों का नववर्ष के अवसर पर स्वागत किया गया तथा संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प दोहराया गया।






