Multai News : मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति संचालनालय द्वारा बैतूल जिले के मुलताई में 14 से 16 जनवरी तक तीन दिवसीय ‘ताप्ती महोत्सव’ का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन जिला प्रशासन बैतूल के सहयोग से संपन्न होगा। संस्कृति संचालनालय, भोपाल ने इस संबंध में कलेक्टर बैतूल को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं।
संस्कृति संचालनालय द्वारा जारी पत्र में बताया गया है कि ताप्ती महोत्सव का मुख्य उद्देश्य ताप्ती नदी की सांस्कृतिक, धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्ता को जन-जन तक पहुंचाना है। महोत्सव के दौरान तीनों दिन विविध सांस्कृतिक, साहित्यिक और लोक कलाओं की आकर्षक प्रस्तुतियां होंगी।

पहले दिन ‘अमृतधारा ताप्ती’ नृत्य-नाट्य की प्रस्तुति
महोत्सव के पहले दिन 14 जनवरी को ‘अमृतधारा ताप्ती’ नृत्य-नाट्य प्रस्तुति के साथ भक्ति संगीत कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में प्रसिद्ध अभिनेत्री सुश्री हिमानी शिवपुरी (मुंबई) सूत्रधार की भूमिका में रहेंगी, जबकि निर्देशन श्री उमेश तरकसवार करेंगे।
इस अवसर पर सुश्री सुरभी चतुर्वेदी एवं ग्रुप (राजस्थान) तथा श्री संजय श्रीवास्तव एवं ग्रुप (भोपाल) द्वारा प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इस कार्यक्रम में लगभग 80 कलाकार भाग लेंगे।
दूसरे दिन सुगम संगीत की संगीतमय संध्या
महोत्सव के दूसरे दिन सुगम संगीत की प्रस्तुतियां होंगी। इसमें श्री देवकरण पोरवाल एवं साथी (देवास) तथा सुश्री अरुणिता कांजीलाल एवं ग्रुप (मुंबई) अपनी गायन प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे।
अंतिम दिन कवि सम्मेलन और मालवी लोक गायन
महोत्सव के अंतिम दिन कवि सम्मेलन एवं मालवी लोक गायन का आयोजन किया जाएगा। कवि सम्मेलन में जानी बैरागी, भुवन मोहिनी, वृद्धा शौर्य, अमन अक्षर, दीपक शुक्ला और पंकज दीक्षित जैसे ख्यातनाम कवि अपनी रचनाओं की प्रस्तुति देंगे।
संस्कृति संचालनालय ने जिला प्रशासन से विगत वर्षों की भांति इस आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है।






