Betul Samachar : मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के बयान के विरोध में युवा कांग्रेस का पुतला दहन

On: January 2, 2026 11:37 AM
Follow Us:

अशोभनीय टिप्पणी और पत्रकारों के अपमान का आरोप, मुख्यमंत्री से इस्तीफे की मांग

Betul Samachar : इंदौर में हुई मौतों को लेकर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की कथित अशोभनीय टिप्पणी और पत्रकारों के प्रति इस्तेमाल की गई भाषा के विरोध में शुक्रवार को बैतूल में युवा कांग्रेस ने पुतला दहन किया। प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री से मंत्री विजयवर्गीय का तत्काल इस्तीफा लेने की मांग की।

युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता जिला कांग्रेस कार्यालय गंज में एकत्रित हुए, जहां से रैली के रूप में ऑटो चौक पहुंचे। रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने “कैलाश विजयवर्गीय मुर्दाबाद” के नारे लगाए और मंत्री, भाजपा सरकार एवं संगठन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने उठाए सवाल

युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष संजय सरदार यादव ने कहा कि भागीरथपुरा हादसे में 15 लोगों की मौत के बाद जब पत्रकारों ने मंत्री कैलाश विजयवर्गीय से सवाल किए, तो उन्होंने अशोभनीय भाषा का प्रयोग किया, जो अत्यंत निंदनीय है। उन्होंने कहा कि ऐसी भाषा का इस्तेमाल करने वाले मंत्री को पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है और सरकार को उन्हें तत्काल पद से हटाना चाहिए।

वहीं, प्रदेश महामंत्री जितेंद्र सिंह इवने ने कहा कि कांग्रेस मौतों पर जवाब मांग रही है, लेकिन सरकार जवाब देने से बच रही है। उन्होंने हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और मंत्री विजयवर्गीय से इस्तीफा लेने की मांग की।

पुतला दहन के दौरान पुलिस से नोकझोंक

ऑटो चौक पर पुतला दहन के दौरान पुलिसकर्मियों ने आग बुझाने के लिए पानी डाला, लेकिन इसके बावजूद कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी जारी रखी और विरोध प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन में पूर्व नगर कांग्रेस अध्यक्ष मोनू बड़ोनिया, कार्यवाहक नगर अध्यक्ष प्रशांत राजपूत, कालू आहूजा, राजू चौबे, रितेश गंगारे, मनीष साहू, किसान कांग्रेस अध्यक्ष गब्बर गोचरे, शुभम दिवान सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

उल्लेखनीय है कि दो दिन पहले इंदौर में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कथित रूप से अशोभनीय भाषा का प्रयोग किया था, जिसके बाद कांग्रेस समेत विभिन्न संगठनों द्वारा उनके बयान का विरोध किया जा रहा है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment