Betul Crime News : बोथरा मोबाइल शॉप चोरी मामले में दो और आरोपी गिरफ्तार, 9 चोरी के मोबाइल बरामद

On: January 1, 2026 11:46 AM
Follow Us:

Betul Crime News : बैतूल के नगर पालिका कॉम्प्लेक्स स्थित बोथरा मोबाइल शॉप से 59 मोबाइल चोरी के मामले में कोतवाली पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब डेढ़ लाख रुपये कीमत के 9 चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

यह चोरी 18 मार्च 2025 को हुई थी। फरियादी अमित बोथरा (42), निवासी चक्कर रोड बैतूल ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि अज्ञात चोरों ने उनकी श्री बोथरा मोबाइल शॉप का ताला तोड़कर 59 एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 7 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए थे।

पहले ही तीन आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार
इस मामले में कोतवाली पुलिस पहले ही तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तीन आरोपियों—नितिन उर्फ बारिक उईके (निवासी कोलगांव, बैतूल बाजार), अरशद कुरैशी (निवासी गौली मोहल्ला, टिकारी बैतूल) और एक विधि विरुद्ध बालक—को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर चुकी है। पुलिस लगातार चोरी गए मोबाइलों के IMEI नंबर ट्रेस कर रही थी।

इसी दौरान एक चोरी हुए मोबाइल की लोकेशन मुलताई निवासी पवन अलोने के पास मिली। पूछताछ में पवन अलोने ने बताया कि उसने यह मोबाइल निलेश पढाडे से खरीदा था। इसके बाद पुलिस ने निलेश पढाडे को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने खुलासा किया कि उसे 9 मोबाइल शैलेष पवार ने बेचे थे।

9 चोरी के मोबाइल जब्त
इसके बाद पुलिस ने शैलेष पवार को हिरासत में लिया, जिसने चोरी में संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस ने विधिवत कार्रवाई करते हुए आरोपी निलेश पढाडे से 9 चोरी के मोबाइल फोन जब्त किए, जिनकी कीमत करीब 1 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों में निलेश पिता नारायण पढाडे (22), निवासी राजीव गांधी वार्ड, मुलताई और शैलेष पिता शिवचरण पवार (27), निवासी राजीव गांधी वार्ड, मुलताई शामिल हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया है।

अब तक 29 मोबाइल बरामद
इस प्रकरण में अब तक कुल 29 चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं। इससे पहले आरोपी नितिन उर्फ बारिक उईके के कब्जे से 20 मोबाइल फोन बरामद किए गए थे, जिनकी कीमत लगभग 2 लाख 84 हजार रुपये आंकी गई थी।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी नीरज पाल, निरीक्षक आबिद अंसारी, सहायक उप निरीक्षक राजेश मालवीय, प्रधान आरक्षक शिवकुमार, तरुण पटेल, आरक्षक अनिल बेलवंशी तथा साइबर सेल बैतूल से राजेन्द्र धाडसे, बलराम राजपूत और दीपेन्द्र सिंह की सराहनीय भूमिका रही।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment