Betul Crime News : साल 2025 की आखिरी रात बैतूल जिले में खुशी और खौफ के मिले-जुले माहौल में गुजरी। एक ओर शहर और जिले के कई इलाकों में लोग आतिशबाजी और जश्न के साथ नए साल 2026 का स्वागत कर रहे थे, वहीं दूसरी ओर सड़क हादसे, चाकूबाजी और शराब के नशे में हुड़दंग की घटनाओं ने माहौल को तनावपूर्ण बना दिया।
भारत भारती क्षेत्र में चाकूबाजी
शहर के भारत भारती क्षेत्र में देर रात चाकूबाजी की सनसनीखेज घटना सामने आई। वीवीएम कॉलेज के पास नशे में धुत एक युवक ने दूसरे युवक का गला काट दिया। घायल युवक का नाम फिलहाल सामने नहीं आ सका है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
सड़क हादसे में युवक की मौत
इसी रात सोना घाटी क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान अमित विश्वकर्मा (27) निवासी पाथाखेड़ा के रूप में हुई है। बताया गया कि अमित कुछ समय से भारत भारती परिसर में रहकर पेटी बनाने का कार्य करता था। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया, पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
शराब के नशे में हुड़दंग, युवक गिरफ्तार
नववर्ष की रात सदर क्षेत्र में शराब के नशे में हुड़दंग मचाने का मामला भी सामने आया। पुलिस ने शुभम नामक युवक को हिरासत में लिया, जो नशे की हालत में सड़क पर झगड़ा कर रहा था। युवक ने कुछ लोगों द्वारा मारपीट का आरोप लगाया, जबकि मौके पर मौजूद लोगों का कहना था कि वही नशे में उत्पात मचा रहा था। पुलिस ने युवक का मेडिकल परीक्षण कराया।
पुलिस की सख्ती और नाकेबंदी
नववर्ष की पूर्व संध्या पर पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन के निर्देशन में जिलेभर में सख्त नाकेबंदी और चेकिंग अभियान चलाया गया। यातायात पुलिस और थाना स्टाफ ने प्रमुख मार्गों और चौराहों पर ड्रंक एंड ड्राइव की जांच की तथा तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई की। रातभर पुलिस की सक्रिय मौजूदगी के चलते कई संभावित हादसों को टाला जा सका।

जश्न के बीच गमगीन शुरुआत
जहां कई इलाकों में लोगों ने उत्साह और उल्लास के साथ नए साल का स्वागत किया, वहीं चाकूबाजी, सड़क हादसे और शराबी युवकों के झगड़ों जैसी घटनाओं ने नए साल की शुरुआत को कहीं न कहीं गमगीन भी बना दिया। पुलिस ने देर रात तक गश्त जारी रखी और नागरिकों से शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।






