निखिल मंत्र विज्ञान के साधक करेंगे वैदिक अनुष्ठान, मां ताप्ती को अर्पित होगी चुनरी

Betul News : नववर्ष 2026 के पावन अवसर पर पुण्य सलिला मां ताप्ती के तट पर स्थित मां ताप्ती मंदिर, खेड़ी सांवलीगढ़ में 11 लाख गुरु मंत्र जप, महारुद्र अनुष्ठान एवं महायज्ञ का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन 2 से 4 जनवरी 2026 तक माघ मास में संपन्न होगा। उल्लेखनीय है कि यह अनुष्ठान लगातार 23वें वर्ष आयोजित किया जा रहा है, जिसमें निखिल मंत्र विज्ञान के साधक भाग लेंगे।
इस वैदिक अनुष्ठान की शुरुआत 23 वर्ष पूर्व मनोज अग्रवाल एवं निखिल बामने के मार्गदर्शन में हुई थी। तब से यह आयोजन निरंतर जनकल्याण, वैदिक साधना एवं ऊर्जा शक्ति के संचार के उद्देश्य से किया जा रहा है।
आयोजन के पहले दिन 2 जनवरी शुक्रवार को प्रातः 6 बजे गुरु पादुका अभिषेक पूजन एवं निखिल स्तवन का सस्वर पाठ होगा। 3 जनवरी शनिवार को प्रातः 11 बजे शनिमंत्र जप एवं शनि भगवान पर तेल अर्पण किया जाएगा। सायंकाल पार्थिव शिवलिंग का रुद्र अभिषेक तथा शाम 7 बजे से टिकारी, बैतूल मंडली द्वारा सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाएगा।
4 जनवरी रविवार को प्रातः 6 बजे गुरु पादुका अभिषेक, प्रातः 10 बजे सूर्य सप्तमी एवं निखिल स्तवन होगा। दोपहर 1.30 बजे पुण्य सलिला मां ताप्ती को चुनरी अर्पण की जाएगी तथा दोपहर 3 बजे महाआरती के साथ अनुष्ठान का समापन होगा।
यह आयोजन निखिल मंत्र विज्ञान परिवार जोधपुर शाखा बैतूल एवं निखिल गुरुदेव मां ताप्ती सेवा समिति बैतूल द्वारा किया जा रहा है। साधकों के ठहरने एवं भोजन की समुचित व्यवस्था की गई है। आयोजन से जुड़े वरिष्ठ गुरुभाई प्रशान्त गर्ग, राजीव खंडेलवाल, संतोष मालवीय, संतोष कावड़कर, रूसीलाल यादव, विमल बचले, पंजाब चिल्हाटे एवं हर्षा मनोज अग्रवाल ने समस्त साधक परिवार से अधिक संख्या में सहभागिता की अपील की है। अनुष्ठान में शामिल होने के इच्छुक साधक 9669432694 पर संपर्क कर सकते हैं।






