Betul Crime News : बैतूल स्थित सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग कार्यालय में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक अंशकालीन महिला कर्मचारी ने खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह करने का प्रयास किया। महिला अपने कार्य से हटाए जाने की शिकायत लेकर कार्यालय पहुंची थी और सहायक आयुक्त से चर्चा कर रही थी।

जानकारी के अनुसार, चंपा वट्टी नामक महिला छात्रावास में रसोइया के पद पर अंशकालीन रूप से कार्यरत थी। वह अपनी सेवाएं समाप्त किए जाने से नाराज होकर सहायक आयुक्त (एसी ट्राइबल) विवेक पांडे से मिलने पहुंची थी। बातचीत के दौरान अचानक महिला ने अपने साथ लाई बोतल से खुद पर पेट्रोल डाल लिया और माचिस मांगने लगी। यह देख कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। समय रहते कर्मचारियों और अधिकारियों ने महिला को समझाकर बड़ी अनहोनी टाल दी।
हटाने का आदेश जारी नहीं किया गया – सहायक आयुक्त
इस मामले में सहायक आयुक्त विवेक पांडे ने स्पष्ट किया कि किसी भी कर्मचारी को हटाने का कोई आदेश जारी नहीं किया गया है। उन्होंने बताया कि हालिया समीक्षा में यह तथ्य सामने आया है कि कई छात्रावासों में स्वीकृत पदों से अधिक कर्मचारी बिना विधिवत नियुक्ति आदेश के कार्यरत हैं। ऐसे कर्मचारियों के वेतन भुगतान पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया है, जिसे लेकर भ्रम की स्थिति बनी हुई है।

विभागीय स्तर पर चल रहा विरोध
विभागीय सूत्रों के अनुसार, वेतन भुगतान रोके जाने के निर्णय के विरोध में अंशकालीन कर्मचारी पिछले कुछ दिनों से लगातार ज्ञापन सौंप रहे हैं। मामले को लेकर प्रशासनिक स्तर पर स्थिति की समीक्षा की जा रही है। फिलहाल घटना के बाद विभाग में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।






