Multai News : नगरपालिका परिषद मुलताई ने संपत्ति कर, जल कर एवं दुकान किराया बकाया रखने वाले नागरिकों, दुकानदारों और संस्थानों को अंतिम नोटिस जारी किया है। नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि सभी बकायादार दो दिवस के भीतर अपनी बकाया राशि जमा करें, अन्यथा नगर पालिका द्वारा सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मुख्य नगरपालिका अधिकारी वीरेंद्र तिवारी ने बताया कि नगर पालिका के राजस्व को सुदृढ़ करना अत्यंत आवश्यक है, ताकि नगर में चल रहे एवं प्रस्तावित विकास कार्यों को बाधित होने से बचाया जा सके। उन्होंने कहा कि लंबे समय से कई करदाता संपत्ति कर, जल कर एवं दुकान किराया जमा नहीं कर रहे हैं, जिससे नगर पालिका की वित्तीय स्थिति प्रभावित हो रही है।
सीएमओ तिवारी ने बताया कि बार-बार सूचना देने के बावजूद बकाया राशि जमा नहीं की जा रही थी, इसलिए अब अंतिम अवसर दिया गया है। तय समय-सीमा में भुगतान न करने वाले बकायादारों के विरुद्ध नियमानुसार कुर्की, नल कनेक्शन विच्छेद और अन्य दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
नगरपालिका ने नागरिकों से अपील की है कि वे समय रहते अपने कर एवं किराया जमा कर नगर विकास में सहयोग करें और किसी भी प्रकार की कार्रवाई से बचें।






