Betul Samachar : बडोरा कृषि उपज मंडी में माल उठाव में लापरवाही, 12 व्यापारियों पर जुर्माना

On: December 30, 2025 7:04 AM
Follow Us:

Betul Samachar : बडोरा कृषि उपज मंडी में खरीदी गई उपज का समय पर उठाव नहीं करने के मामले में प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। एसडीएम अभिजीत सिंह ने निरीक्षण के दौरान लापरवाही पाए जाने पर 12 व्यापारियों पर जुर्माना लगाया है। इस कार्रवाई से मंडी परिसर में हड़कंप मच गया। कुल मिलाकर लगभग पांच लाख रुपये का जुर्माना प्रस्तावित किया गया है।

एसडीएम अभिजीत सिंह ने बताया कि यह जुर्माना प्रति क्विंटल 10 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से तय किया गया है। इनमें से तीन व्यापारियों पर एक-एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। निरीक्षण के दौरान यह सामने आया कि कई व्यापारी किसानों से खरीदी गई उपज को मंडी शेड में लंबे समय तक रखे हुए थे, जिससे किसानों की उपज खुले में पड़ी रहती थी और बारिश के दौरान भीगने से नुकसान होता था।

यह समस्या लंबे समय से बनी हुई थी, जिस पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई की। वहीं, व्यापारियों ने इस जुर्माने का विरोध किया है। व्यापारी संघ अध्यक्ष प्रमोद अग्रवाल ने कहा कि मंडी का क्षेत्र छोटा है और उपज की आवक अधिक होने के कारण माल उठाव में परेशानी आती है। उन्होंने रेलवे रैक की कमी और वेयरहाउस भरे होने को भी समस्या का कारण बताया।

अग्रवाल के अनुसार व्यापारी रात के समय माल उठाव का प्रयास करते हैं, लेकिन दिन में किसानों की अधिक भीड़ होने से ट्रकों की आवाजाही संभव नहीं हो पाती। इस कार्रवाई के बाद देर शाम तक कलेक्टर, एसडीएम और मंडी सचिव के बीच बैठक हुई, जिसमें मंडी संचालन व्यवस्था और माल उठाव की समस्या पर चर्चा की गई।

इसके अलावा जिला कांग्रेस अध्यक्ष निलय डागा के नेतृत्व में व्यापारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर से मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखीं। इस पर कलेक्टर ने नागपुर के रेलवे अधिकारियों से रैक उपलब्ध कराने को लेकर चर्चा किए जाने की जानकारी दी है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment