Multai Crime News : मंडी शुल्क चोरी पर कार्रवाई, गुड़ से भरा 14 चक्का ट्रक जब्त

On: December 29, 2025 10:57 AM
Follow Us:

Multai Crime News : कृषि उपज मंडी समिति मुलताई द्वारा मंडी शुल्क की चोरी रोकने के लिए लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सोमवार को गुजरात के राजकोट जा रहा गुड़ से भरा एक 14 चक्का ट्रक बिना मंडी शुल्क चुकाए परिवहन करते हुए पकड़ा गया। पकड़े गए ट्रक का क्रमांक GJ 03 BY 8038 बताया गया है।

मंडी सचिव शीला ख़ातरकर के निर्देश पर मंडी उप निरीक्षक चंपा तुमडाम एवं मंडी कर्मचारी सुमित काकड़े द्वारा परमंडल अंडर ब्रिज के पास वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान गुड़ से भरे उक्त ट्रक को रोककर जांच की गई। जांच के समय ट्रक चालक से मंडी शुल्क से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन चालक कोई भी आवश्यक कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।

पूछताछ में चालक ने बताया कि वह खरपड़ाखेड़ी से गुड़ लोड कर मुलताई मार्ग होते हुए गुजरात के राजकोट ले जा रहा था। मंडी उप निरीक्षक द्वारा मौके पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए ट्रक को जब्त कर मंडी कार्यालय लाया गया। मंडी समिति द्वारा इस प्रकरण में नियमानुसार पांच गुना मंडी शुल्क की वसूली की जाएगी।

मंडी सचिव शीला ख़ातरकर ने स्पष्ट किया कि बिना मंडी शुल्क चुकाए एवं बिना वैध दस्तावेजों के कृषि उपज का परिवहन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने व्यापारियों और परिवहनकर्ताओं से अपील की कि वे मंडी नियमों का पालन करते हुए ही कृषि उपज का परिवहन करें, ताकि दंडात्मक कार्रवाई से बचा जा सके।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment