Betul Crime News : मुलताई रेलवे स्टेशन चौक पर युवाओं के दो गुटों में हिंसक झड़प, वीडियो वायरल

On: December 27, 2025 10:09 AM
Follow Us:

Betul Crime News : मुलताई शहर के सबसे व्यस्त रेलवे स्टेशन चौक पर शुक्रवार देर रात युवाओं के दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हो गई। यह घटना रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर सामने आया है। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद कुछ ही देर में हिंसक झड़प में बदल गया, जिसमें 8 से 10 युवक शामिल थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, झगड़े के दौरान करीब पांच युवकों ने मिलकर एक युवक को बेरहमी से पीटा। यह पूरी घटना बीच सड़क पर लगभग 15 मिनट तक चलती रही। इस दौरान युवक एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाते और गाली-गलौज करते नजर आए, जिससे रेलवे स्टेशन चौक पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

स्थानीय लोगों ने बताया कि इस तरह की घटना इससे पहले भी सामने आ चुकी है। करीब दो महीने पहले नगर के बस स्टैंड क्षेत्र में युवाओं के बीच हुए विवाद में एक आदिवासी युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। इसके बावजूद सार्वजनिक स्थानों पर युवाओं के बीच बढ़ती हिंसा चिंता का विषय बनी हुई है।

मारपीट का वीडियो मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह एक युवक को कई लोग घेरकर पीट रहे हैं, जबकि आसपास खड़े लोग डर के कारण बीच-बचाव करने से कतराते नजर आ रहे हैं।

फिलहाल इस मारपीट में शामिल किसी भी युवक की पहचान नहीं हो पाई है। यह भी स्पष्ट नहीं हो सका है कि पीड़ित युवक कौन है और वह किस क्षेत्र का निवासी है। रेलवे स्टेशन चौक जैसे भीड़भाड़ वाले और संवेदनशील इलाके में हुई इस घटना से आम नागरिकों में डर और नाराजगी का माहौल है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment