Betul Samachar : बैतूल जिले के आठनेर क्षेत्र में पारस डोह परियोजना से सिंचाई का पानी नहीं मिलने से आक्रोशित गुजरमल और एनखेड़ा क्षेत्र के किसानों ने शुक्रवार को मुल्ताई–आठनेर–भैंसदेही मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। किसानों के सड़क पर बैठते ही मार्ग पर लंबा जाम लग गया, जिससे दोनों ओर करीब दो-दो किलोमीटर तक वाहनों की कतारें लग गईं।
किसानों का आरोप है कि एनखेड़ा के पास नहर की चक व्यवस्था में जानबूझकर गड़बड़ी की जा रही है, जिसके चलते गुजरमल, एनखेड़ा और आठनेर क्षेत्र की सिंचाई नहरों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। पानी की कमी से फसलें सूखने की कगार पर हैं, जिससे किसानों को भारी नुकसान की आशंका है।

किसान नेता आशा राम जितपुरे ने बताया कि नहर की चक में जानबूझकर तकनीकी गड़बड़ी की जा रही है, जिससे उनके खेतों तक सिंचाई का पानी नहीं पहुंच रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि सिंचाई व्यवस्था में मनमानी की जा रही है और कुछ क्षेत्रों को प्राथमिकता देकर अन्य किसानों को पानी से वंचित किया जा रहा है।
चक्काजाम की सूचना मिलते ही पुलिस और सिंचाई विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और किसानों से बातचीत शुरू की। स्थिति को देखते हुए अधिकारियों ने शीघ्र पानी की आपूर्ति बहाल करने का आश्वासन दिया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक चक्काजाम जारी था।
मौके पर पहुंचे सिंचाई विभाग के कार्यपालन यंत्री सी.एल. मरकाम (मुल्ताई) ने किसानों को बताया कि वे किसानों की समस्या से अवगत हैं। पारस डोह परियोजना के अंतर्गत माइक्रो इरिगेशन योजना संचालित है, जिसमें कुछ तकनीकी कारणों से चकों में समस्या आई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विभागीय अमले के साथ मौके पर पहुंचकर सुधार कार्य किया जाएगा। फिलहाल प्रेशर की समस्या सामने आई है, जिसे शीघ्र ठीक करने का प्रयास किया जा रहा है।






