Betul Accident News : चिचोली में सड़क हादसा: इलाज के दौरान बुजुर्ग की मौत, दूसरा घायल भोपाल रेफर

On: December 26, 2025 6:36 AM
Follow Us:

Betul Accident News : बैतूल जिले के चिचोली थाना क्षेत्र अंतर्गत वीरपुर जोड़ पर बुधवार शाम हुए सड़क हादसे में घायल एक व्यक्ति की गुरुवार को जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसा दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर से हुआ, जिसमें दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

मृतक की पहचान चिचोली निवासी 65 वर्षीय कुतुबुद्दीन पिता अलीमुद्दीन खान के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार कुतुबुद्दीन सिपलाई गांव से बाइक से लौट रहे थे। इसी दौरान वीरपुर जोड़ के पास बीगवा गांव के एक अन्य बाइक चालक से उनकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर चोटें आईं।

दूसरे घायल की पहचान बीगवा, चिचोली निवासी 44 वर्षीय पतिराम पिता सुरजू बरकडे के रूप में हुई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। कुतुबुद्दीन को पहले चिचोली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें बैतूल जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहीं पतिराम को सीधे जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।

डॉक्टरों के अनुसार कुतुबुद्दीन के सिर में गंभीर चोटें आई थीं। उन्हें आईसीयू में भर्ती कर उपचार किया जा रहा था, लेकिन देर रात उनकी मौत हो गई। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

पड़ोसियों ने बताया कि कुतुबुद्दीन साप्ताहिक बाजारों में तंबाकू बेचने का काम करते थे और हादसे के दिन खेत से लौट रहे थे। घायल पतिराम की हालत गंभीर बनी हुई है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए भोपाल रेफर किया गया है। चिचोली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment