Multai News : राज्यसभा सांसद एवं वरिष्ठ अधिवक्ता विवेक तन्खा गुरुवार को अल्प प्रवास पर मुलताई पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मुलताई बार एसोसिएशन को अधिवक्ताओं की सुविधाओं के विकास के लिए 20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। साथ ही उन्होंने भविष्य में अतिरिक्त 10 लाख रुपये और उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया।

बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं से संवाद करते हुए विवेक तन्खा ने कहा कि न्याय व्यवस्था में वकीलों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वे जजों से अधिक वकीलों को महत्व देते हैं, क्योंकि वकील ही न्यायपालिका की रीढ़ होते हैं और न्याय दिलाने की प्रक्रिया का अहम हिस्सा हैं।
अपने प्रवास के दौरान सांसद तन्खा ने प्रसिद्ध ताप्ती मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसर में नगर के पूर्व विधायक सुखदेव पांसे सहित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने शहर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लिया और अधिवक्ताओं तथा कांग्रेसजनों से चर्चा की।
मुलताई बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सीएस चंदेल के नेतृत्व में अधिवक्ताओं के प्रतिनिधिमंडल ने सांसद तन्खा से मुलाकात कर अपनी समस्याएं और मांगें रखीं। इसमें वरिष्ठ एवं महिला अधिवक्ताओं के लिए पृथक कक्ष, कॉन्फ्रेंस हॉल, लाइब्रेरी और शौचालय निर्माण के लिए सहयोग की मांग प्रमुख रही। इसके साथ ही अधिवक्ताओं ने बैठने के लिए चैंबर और कार्यालयीन सुविधाओं की कमी की ओर भी ध्यान दिलाया।
अधिवक्ता संघ ने सांसद को अवगत कराया कि व्यवहार न्यायालय मुलताई के 100 वर्ष पूर्ण होने पर शताब्दी जयंती महोत्सव आयोजित करने की तैयारी की जा रही है। इस आयोजन में सर्वोच्च न्यायालय और उच्च न्यायालय के वरिष्ठ न्यायाधीशों की उपस्थिति प्रस्तावित है। संघ ने इस कार्यक्रम के लिए आवश्यक अनुमतियां दिलाने और उच्च न्यायालय स्तर पर समन्वय में सहयोग की अपेक्षा जताई।
इस अवसर पर विवेक तन्खा ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भी संबोधित किया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक सुखदेव पांसे, कांग्रेस नेता संजय यादव, अरुण यादव, किशोर सिंह परिहार, सुमित शिवहरे, लोकेश यादव, नितेश साहू सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता एवं कांग्रेसजन मौजूद रहे।






