Multai News : अमृत स्टेशन योजना 2.0 के तहत मुलताई स्टेशन का कायाकल्प, जीएम–डीआरएम ने किया निरीक्षण

On: December 24, 2025 9:36 AM
Follow Us:

Multai News : रेलवे के बेस्ट और सेंट्रल जोन के महाप्रबंधक विवेक कुमार गुप्ता तथा डीआरएम विनायक गर्ग ने बुधवार को मुलताई रेलवे स्टेशन का दौरा कर चल रहे विकास कार्यों और यात्री सुविधाओं का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने स्टेशन पर जारी निर्माण, सौंदर्यीकरण और अधोसंरचना विकास की प्रगति की समीक्षा की।

मुलताई रेलवे स्टेशन को अमृत रेलवे स्टेशन योजना 2.0 में शामिल किया गया है। इस योजना के अंतर्गत लगभग 18 करोड़ रुपये की लागत से स्टेशन को आधुनिक स्वरूप दिया जा रहा है। परियोजना में स्टेशन भवन का नवीनीकरण, प्लेटफॉर्म विकास, यात्री सुविधाओं का विस्तार और परिसर का समग्र सौंदर्यीकरण शामिल है।

जीएम से मिलने पहुंचे नेता, कुछ देर चला विवाद

निरीक्षण के दौरान समाजवादी पार्टी और जन आंदोलन मंच के नेता अनिल सोनी अपने समर्थकों के साथ जीएम और डीआरएम से मुलाकात के लिए स्टेशन पहुंचे। इस दौरान रेलवे पुलिस द्वारा शुरुआत में स्टेशन परिसर में प्रवेश से रोके जाने पर कुछ देर तक बहस की स्थिति बनी।
अनिल सोनी द्वारा पूर्व अनुमति की जानकारी दिए जाने और पुष्टि होने के बाद रेलवे पुलिस ने उन्हें प्रवेश की अनुमति दी।

समस्याओं को लेकर सौंपा ज्ञापन

इसके बाद अनिल सोनी एवं अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष सी.एस. चंदेल ने जीएम विवेक कुमार गुप्ता और डीआरएम विनायक गर्ग को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मुलताई रेलवे स्टेशन से संबंधित विभिन्न समस्याओं और मांगों को उठाया गया।
प्रमुख मांगों में स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव की संख्या बढ़ाने, यात्री सुविधाओं में सुधार, प्लेटफॉर्म विकास, स्वच्छता, पेयजल, प्रतीक्षालय तथा पार्किंग व्यवस्था को सुदृढ़ करने की मांग शामिल रही।

आधुनिक सुविधाओं का दिया भरोसा

रेलवे अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। जीएम और डीआरएम ने बताया कि अमृत स्टेशन योजना 2.0 के तहत मुलताई स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है।
योजना के अंतर्गत नए स्टेशन भवन, उन्नत प्लेटफॉर्म, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, आधुनिक प्रतीक्षालय, स्वच्छ शौचालय, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं और स्टेशन परिसर का समग्र विकास किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्टेशन परिसर का विस्तृत अवलोकन किया और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment