Multai News : मुलताई के व्यस्ततम नागपुर नाके पर लंबे समय से चला आ रहा अतिक्रमण अब लगातार सड़क दुर्घटनाओं का कारण बनता जा रहा है। भाजपा कार्यालय के समीप कुछ लोगों द्वारा पलंग-पेटी लगाकर और टेंट तानकर सड़क पर कब्जा कर लिया गया है, जिससे मार्ग संकरा हो गया है। इसके चलते दोपहिया व चारपहिया वाहनों की आवाजाही बेहद खतरनाक हो गई है और आए दिन दुर्घटनाएं सामने आ रही हैं।

नपा अध्यक्ष की मौजूदगी में हुआ हादसा
मंगलवार को इसी स्थान पर उस समय एक और दुर्घटना हो गई, जब नगर पालिका अध्यक्ष वर्षा गाडेकर मौके पर मौजूद थीं। घटना को अपनी आंखों से देखकर उन्होंने नाराजगी जताई और तत्काल अधिकारियों को मौके पर बुलाकर स्थिति का जायजा लिया।
अतिक्रमण पर सख्त रुख
नगर पालिका अध्यक्ष वर्षा गाडेकर ने दो टूक शब्दों में कहा कि सार्वजनिक सड़कों पर किसी भी प्रकार का स्थायी अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को तुरंत अतिक्रमण हटाने और यातायात व्यवस्था को सुचारु करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने किया निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष गणेश साहू, सभापति महेंद्र ‘पिल्लू’ जैन, मुख्य नगर पालिका अधिकारी वीरेंद्र तिवारी सहित नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने मौके पर पहुंचकर सड़क की स्थिति और यातायात में आ रही परेशानियों को देखा।
सड़क सुधार और चौड़ीकरण के निर्देश
नपा अध्यक्ष ने अतिक्रमण हटने के बाद खाली हुई जगह पर मुरम डालकर सड़क को समतल करने के निर्देश दिए। साथ ही भविष्य में दुर्घटनाओं से बचाव के लिए सड़क की चौड़ाई बढ़ाने की दिशा में भी ठोस कदम उठाने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि नागरिकों की सुरक्षा नगर पालिका की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जल्द होगी कार्रवाई
मुख्य नगर पालिका अधिकारी वीरेंद्र तिवारी ने आश्वस्त किया कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शीघ्र शुरू की जाएगी और नागपुर नाके पर मार्ग को सुरक्षित व सुगम बनाने के लिए सभी आवश्यक उपाय किए जाएंगे।






