Betul Ki Khabar : मुलताई में अवैध मांस और मदिरा बिक्री को लेकर हिंदू संगठनों का विरोध, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

On: December 20, 2025 7:30 AM
Follow Us:

Betul Ki Khabar : मुलताई में मांस, मछली, अंडा और मदिरा की कथित अवैध बिक्री को लेकर शुक्रवार को बजरंग दल सहित विभिन्न हिंदू संगठनों ने प्रशासन के खिलाफ आवाज बुलंद की। संगठनों ने अनुविभागीय अधिकारी राजस्व (एसडीएम) को ज्ञापन सौंपकर इन गतिविधियों पर तत्काल प्रतिबंध लगाने की मांग की।

बजरंग दल और हिंदू संगठनों के पदाधिकारी घनश्याम सोनी, नीलेश चांवरिया, सागर साहू, दिनेश कालभोर समेत अन्य कार्यकर्ताओं ने एसडीएम राजीव कहार को ज्ञापन दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा मुलताई को पवित्र नगरी घोषित किया गया है, इसके बावजूद नगर क्षेत्र में खुलेआम मांस, मछली, मटन, अंडा और शराब की अवैध बिक्री जारी है।

संगठनों ने आरोप लगाया कि मां ताप्ती सरोवर से करीब 100 मीटर की दूरी पर अंडे की दुकान संचालित हो रही है, जो पवित्र नगरी की मर्यादाओं का उल्लंघन है। वहीं मटन मार्केट क्षेत्र में स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर और नागदेव मंदिर के आसपास भी मांस और मछली की दुकानें चल रही हैं, जबकि इन्हें बंद कराने के आदेश पहले ही जारी किए जा चुके हैं।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि भले ही मुलताई में शराब की सरकारी दुकानें बंद हैं, लेकिन इसके बावजूद नगर में अवैध शराब का कारोबार फल-फूल रहा है। इससे नगर का सामाजिक वातावरण प्रभावित हो रहा है और धार्मिक नगरी की छवि धूमिल हो रही है।

हिंदू संगठनों ने मांग की कि नगर में मांस, मछली, मटन, अंडा और मदिरा की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए और अवैध रूप से संचालित दुकानों व कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। संगठनों ने चेतावनी दी कि यदि 7 से 15 दिनों के भीतर प्रशासन द्वारा ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो सभी हिंदू संगठन मिलकर आंदोलन करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment