Betul Fraud News: बैतूल के गंज इलाके में इंडियन ओवरसीज बैंक की शाखा में एक शातिर ठग ने एटीएम पिन जनरेट कर रहे ग्राहक को निशाना बना लिया। ठगी का शिकार हुए खाताधारक के खाते से कुछ ही मिनटों में लगभग 85 हजार रुपए साफ कर दिए गए। मामले की शिकायत के बाद गंज थाना पुलिस और साइबर सेल ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, अंकित कासदे नामक ग्राहक बैंक के एटीएम में अपना नया पिन बना रहे थे। उसी दौरान वहां मौजूद एक युवक लगातार उनकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए था। पिन प्रक्रिया पूरी होते ही आरोपी ने चालाकी से अंकित का एटीएम कार्ड बदलकर सपना तिवारी के नाम का नकली कार्ड उनके हाथ में थमा दिया।
एटीएम से बाहर निकलते ही अंकित के मोबाइल पर लगातार पैसे निकलने के मैसेज आने लगे। घबराकर जब वे दोबारा बैंक पहुंचे, तब तक उनके खाते से करीब 85 हजार रुपए निकाले जा चुके थे।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी शाहपुर के पहावाड़ी क्षेत्र का निवासी है, जिसने कुछ समय पहले ट्रैक्टर खरीदने के उद्देश्य से बैंक में खाता खुलवाया था। पीड़ित ने पूरे मामले की शिकायत साइबर सेल के साथ-साथ गंज थाने में दर्ज कराई है।
पुलिस अब एटीएम के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपी की तलाश जारी है। अधिकारियों ने ग्राहकों से अपील की है कि एटीएम में किसी की भी मदद न लें और पिन डालते समय पूरी सतर्कता बरतें।






