Betul Crime News: बैतूल जिले के भैंसदेही थाना क्षेत्र में हुई एक युवक की हत्या का पुलिस ने महज छह घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया। इस मामले में मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
यह वारदात 16 दिसंबर को ग्राम घुघरी में सामने आई थी। मृतक राजू उईके (30) के पिता ललसू उईके ने पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके बेटे की किसी अज्ञात व्यक्ति ने हत्या कर दी है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि राजू उईके की पत्नी पूनम उईके ने अपने प्रेम संबंधों के चलते पति की हत्या की साजिश रची थी। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिलवाया। पुलिस ने पूनम उईके के साथ सोहेल, शेख जशीम और शेख फेजान को गिरफ्तार किया है।
मृतक का पोस्टमार्टम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भैंसदेही में कराया गया। जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
इस जघन्य अपराध का शीघ्र खुलासा करने में निरीक्षक राजेश सातनकर, उपनिरीक्षक आशीष कुमरे, रामप्रकाश कीर और प्रीति पाटिल सहित थाना स्टाफ की अहम भूमिका रही। पुलिस की त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।






