Betul Suicide News : बैतूल जिले के घोड़ाडोंगरी क्षेत्र से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद के बाद एक युवक ने अपनी प्रेमिका के सामने खुद को आग के हवाले कर दिया। गंभीर रूप से झुलसे युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई।
घटना मंगलवार शाम घोड़ाडोंगरी रेलवे स्टेशन के सामने स्थित पार्क की बताई जा रही है। मृतक की पहचान अविनाश परतेती (22) निवासी चटवा, जिला पांढुर्णा के रूप में हुई है। अविनाश पेशे से राजमिस्त्री था।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अविनाश मंगलवार शाम अपनी महिला मित्र से मिलने घोड़ाडोंगरी पहुंचा था और पार्क में मिलने के लिए बुलाया था। बातचीत के दौरान साथ चलने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इसी दौरान अविनाश ने शराब के नशे में अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा ली।
घटना के वक्त युवक की मित्र वहां मौजूद थी। उसने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक अविनाश करीब 90 प्रतिशत तक झुलस चुका था। आसपास मौजूद लोगों की मदद से उसे पहले घोड़ाडोंगरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल बैतूल रेफर किया गया। बुधवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
महिला ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह शादीशुदा है और फिलहाल मायके में रह रही है। उसका अपने पति से अभी तलाक नहीं हुआ है और एक बच्चा भी है। महिला के अनुसार, अविनाश उसका दोस्त था और दोनों पहले एक ही कंपनी में काम करते थे, जहां से उनकी पहचान हुई थी। उसने बताया कि अविनाश ने उसे अपने साथ चलने के लिए कहा था, लेकिन इनकार करने पर वह यह कदम उठा बैठा।
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। घोड़ाडोंगरी चौकी प्रभारी आम्रपाली दहाट ने बताया कि मर्ग डायरी मिलने के बाद पूरे घटनाक्रम की गहन जांच की जाएगी, ताकि आत्मदाह के पीछे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।






