Multai News : मुलताई-नागपुर नेशनल हाईवे पर बुधवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। आईडी स्कूल के सामने सुबह करीब 9 बजे कोलतार से भरे एक टैंकर ने हाईवे पर खड़े ट्राले को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि टैंकर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया।

घटना की सूचना मिलते ही डायल 100 पुलिस टीम, संजीवनी 108 एंबुलेंस और हाईवे पेट्रोलिंग दल मौके पर पहुंचा। चालक मोहम्मद समीर को बाहर निकालने के लिए क्रेन मंगवाई गई। करीब 45 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद चालक को केबिन से सुरक्षित बाहर निकाला गया। उसे गंभीर अवस्था में मुलताई के शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार चालक के पैर में गंभीर चोट आई है और उपचार जारी है।
हादसे के चलते हाईवे की एक लेन पर लंबा जाम लग गया। मौके पर मौजूद पुलिस और हाईवे टीम ने यातायात व्यवस्था संभाली और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने की कार्रवाई की, जिसके बाद धीरे-धीरे आवागमन सामान्य हो सका।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हाईवे पर खड़ा ट्राला सालासर रोड लाइंस, जगदलपुर का बताया जा रहा है, जबकि टक्कर मारने वाला टैंकर गुजरात का है, जो कोलतार लेकर जा रहा था। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण ट्राले का सड़क किनारे खड़ा होना माना जा रहा है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।






