Betul News: बैतूल। नेशनल हाईवे-47 पर संसुद्रा और उभारिया के बीच कथित तौर पर हो रही अवैध वाहन जांच अब बड़ा मुद्दा बनती जा रही है। ग्राम उभारिया के लोगों ने इस कार्रवाई को जानलेवा बताते हुए प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। सोमवार रात करीब 8 बजे ग्रामीणों ने अनुविभागीय अधिकारी राजस्व राजीव कहार (मुलताई) को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीणों का कहना है कि हाईवे पर आरटीओ के नाम पर वाहनों को अचानक रोका जाता है, जिससे पीछे से आ रहे वाहन संतुलन खो बैठते हैं और टक्कर की घटनाएं हो रही हैं। इस मनमानी रोक-टोक और कथित वसूली के चलते लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिनमें कई लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है।
ज्ञापन देने पहुंचे ग्रामीणों तकी उल हासन, अफसर भाई और विशाल डोंगरे ने बताया कि बिना किसी पूर्व संकेत या सुरक्षा व्यवस्था के वाहनों को रोके जाने से हाईवे पर खतरा बढ़ गया है। इसी लापरवाही का खामियाजा हाल ही में ग्राम उभारिया के युवक नवीन इरपाचे को भुगतना पड़ा, जो एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुआ था। इलाज के दौरान भोपाल में उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद गांव में गहरा आक्रोश है।
ग्रामीणों का आरोप है कि यदि समय रहते अवैध चेकिंग और वसूली पर रोक लगाई जाती, तो ऐसी दर्दनाक घटनाओं से बचा जा सकता था। उन्होंने प्रशासन से संसुद्रा चेक पोस्ट पर हो रही कथित गतिविधियों की जांच कर उन्हें तुरंत बंद कराने, जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और हाईवे पर सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
ग्रामीणों ने चेतावनी भी दी है कि यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए तो वे सड़क पर शव रखकर आंदोलन और धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। इस पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है और अब सबकी निगाहें प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।






