Betul Ki Khaber : बैतूल जिले के हृदय रोग से पीड़ित बच्चों के इलाज को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने एक बड़ी पहल की है। रविवार को जिले से 75 बच्चों को विशेष चिकित्सा जांच और उपचार के लिए भोपाल भेजा गया। इन बच्चों की देखरेख के लिए चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की एक विशेष टीम भी साथ रवाना हुई। यह कार्रवाई राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के तहत की गई।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज कुमार हुरमाड़े ने बताया कि बच्चों को भोपाल स्थित जयप्रकाश जिला अस्पताल में आयोजित विशेष हृदय रोग शिविर में ले जाया गया है। यह शिविर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन भोपाल की मिशन संचालक डॉ. सलीना सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार चयनित बच्चों में से चार की स्थिति गंभीर मानी गई है। इन बच्चों की भोपाल में प्रारंभिक जांच की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर उन्हें आगे उन्नत उपचार के लिए गुजरात के राजकोट स्थित पीडियाट्रिक कार्डियक रिसर्च सेंटर रेफर किया जाएगा।
डॉ. हुरमाड़े ने बताया कि बच्चों की यात्रा, खानपान, दवाइयों सहित सभी जरूरी व्यवस्थाएं स्वास्थ्य विभाग ने स्वयं की हैं। उन्होंने कहा कि जिले में यह पहला अवसर है, जब इतनी बड़ी संख्या में बच्चों को हृदय रोग से संबंधित परीक्षण और उपचार के लिए भेजा गया है।
बच्चों को रवाना करने के दौरान कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी समेत स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इस मौके पर डीपीएम विनोद शाक्य, डीआईओ डॉ. प्रांजल उपाध्याय, आरबीएसके जिला प्रबंधक योगेन्द्र दवड़े और अन्य स्वास्थ्यकर्मी भी उपस्थित थे।
आरबीएसके शिविर प्रभारी योगेन्द्र कुमार ने बताया कि जिले के स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों में नियमित स्क्रीनिंग के माध्यम से संभावित हृदय रोग से ग्रसित बच्चों की पहचान की गई थी। प्रारंभिक जांच के बाद इन्हें विशेष उपचार के लिए चयनित किया गया।
स्वास्थ्य विभाग ने बच्चों को सुरक्षित रूप से भोपाल पहुंचाने के लिए दो बसें, तीन एम्बुलेंस और तीन छोटे वाहन लगाए। इस दौरान आठ आरबीएसके चिकित्सक, एक मेडिकल ऑफिसर, तीन फार्मासिस्ट और एक विशेष शिक्षक बच्चों के साथ रवाना हुए।






